डोंबिवली: ठाकुरली में अग्रेजों
के जमाने के पम्प हाउस में एक किशोर कुएं में डूब गया। ये किशोर अपने दो दोस्तों के
साथ अपने सोशल मीडिया अकाउंट के लिए रील शूट करने गया था। इसकी जानकारी पुलिस ने दी।
हालांकि यह घटना रविवार को हुई थी, लेकिन 18 वर्षीय बिलाल सोहेल शेख का शव 32 घंटे
बाद सोमवार शाम को निकाला जा सका।
बिलाल को कुएं में गिरते देख
उसके साथ आए दोनों दोस्त मदद के लिए एक सुरक्षा गार्ड के पास पहुंचे। गार्ड ने विष्णु
नगर थाने को सूचित किया और तुरंत तलाशी शुरू की गई।
विष्णु नगर थाने के वरिष्ठ
पुलिस निरीक्षक पंडिनाथ भालेराव ने संदेह जताया कि मुंब्रा के चांदनगर के रहने वाले
तीनों दोस्त नशे हो सकते थे। भालेराव ने बताया कि मृत्क के दोस्तों ने दावा किया था
कि वह रील की शूटिंग के दौरान गलती से कुएं में गिर गया था, लेकिन हम मौत की इस घटना
के क्रम को समझने के लिए जांच करेंगे। पम्प हाउस का निर्माण अंग्रेजों द्वारा किया
गया था और इस जगह पर बहुत कम लोग आते हैं। वहां एक सुरक्षा गार्ड तैनात है।
डोंबिवली के एक अग्निशमन अधिकारी
ने कहा कि हमारी टीम एक दिन से अधिक समय तक तलाश करती रही और घटना के 32 घंटे बाद सोमवार
शाम को उसका शव मिला। बिलाल के निधन ने चांदनगर के निवासियों को झकझोर कर रख दिया है।
आस पास के लोगों ने बिलाल को एक रील स्टार के रूप में याद किया।
पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला
दर्ज किया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
