Type Here to Get Search Results !

कल्याण-बदलापुर के बीच ट्रैक बढ़ाने की अड़चन खत्म

उल्हासनगर: कल्याण से बदलापुर के बीच दो और ट्रैक बिछाने की अड़चन दूर हो गई है। इस कॉरिडोर के विस्तार के लिए रेलवे को वन विभाग की जमीन की जरूरत थी, जिसकी मंजूरी मिल गई है। रेलवे ने लोकल ट्रेनों के विस्तार के लिए मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रॉजेक्ट तैयार किया। इसमें कई परियोजनाएं हैं, जिनमें से कल्याण-बदलापुर के बीच दो और ट्रैक


बिछाने की भी योजना है। कल्याण के आगे आबादी भी बढ़ी है, तो ट्रेनें बढ़ाने की मांग हो रही है। फिलहाल कल्याण से आगे दो ही ट्रैक हैं। इन्हीं पटरियों पर लोकल, लंबी दूरी की ट्रेनें और मालगाड़ी चलती हैं। यदि कॉरिडोर का विस्तार हो जाए या क्षमता दुगुनी कर दी जाए, तो भविष्य में और अधिक लोकल ट्रेनें चलाने का विकल्प मिल जाएगा।

इस कॉरिडोर से गुजरने वाली ट्रेनों की स्पीड भी बढ़ेगी, क्योंकि चार ट्रैक होने से लंबी दूरी की ट्रेनों और मालगाड़ियों को डायवर्ट किया जा सकता है। इस रूट से मुंबई से ऑपरेट होने वाली ट्रेनों के अलावा दक्षिण भारत की ओर आने-जाने वाली ट्रेनों को भी कनेक्टिविटी मिलती है। ऐसे में दो ट्रैक और बनाना वक्त की जरूरत है।

इस परियोजना को मार्च 2019 में मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन कोरोना के कारण कोई भी काम नहीं हो सका। जब कोरोना का असर कम हुआ और काम फिर से शुरू होने लगे, तब मुंबई रेल विकास निगम को सरकार की ओर से रकम नहीं मिल रही थी। वन विभाग की ओर से भी 0.252 हेक्टेयर जमीन मिलनी थी, जिसके लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

मुंबई रेल विकास निगम द्वारा दिसंबर 2021 से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इस रूट के लिए कुल 13.6 हेक्टेयर जमीन की जरूरत है। इनमें दस गांवों की जमीन भी है, जिसके लिए कलेक्टर को निवेदन दिया जा चुका है। जमीन के लिए अब तक 134.64 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। इस परियोजना में 49 नए ब्रिज बनाए जाने हैं, जिनमें से 44 को मंजूरी मिल चुकी है। 25 ब्रिज का काम शुरू करने के लिए कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी की मंजूरी भी मिल चुकी है। अन्य ब्रिज के लिए जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे।

इस रूट के लिए ड्रोन मैपिंग तरीके से प्राथमिक सर्वे और इसके बाद इंजिनियरिंग सर्वे हो चुका है। प्रस्तावित लाइन का अलाइनमेंट भी फाइनल हो चुका है। विट्ठलवाड़ी, उल्हासनगर, अंबरनाथ और बदलापुर स्टेशनों के लिए जनरल अरेंजमेंट ड्रॉइंग बनाई जा चुकी है। इसी तरह 5 पुलों की भी डिजाइन तैयार है, जिसमें से चार की मध्य रेलवे ने मंजूरी दे दी है।

इसमें 1510 करोड़ रुपये कल्याण-बदलापुर तीसरी-चौथी लाइन, 15 किमी का डबल लाइन ट्रैक, 49 ब्रिज, 15 किमी के रूट में 1 बड़ा ब्रिज होगा और 04 रेल ओवर ब्रिज होंगे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.